रुद्रप्रयाग में विस चुनाव को लेकर अधिकारियों की बैठक लेते हुए गढ़वाल कमिश्नर सुशील कुमार, साथ मे?
- फोटो : RUDRAPRYAG
राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में आयुक्त गढ़वाल मंडल सुशील कुमार ने जिला निर्वाचन अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों के साथ निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही दायित्वों की जानकारी देते हुए विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 को शांतिपूर्ण संपन्न करवाने के लिए गंभीरता से कार्य करने को कहा।
मंगलवार को मेडिकल कॉलेज सभागार में आयुक्त गढ़वाल मंडल सुशील कुमार ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों से कहा कि पोलिंग पार्टियों को पूरी सामग्री के साथ रवाना करें। कहा की दिव्यांग तथा बुजुर्ग मतदाताओं के लिए मतदान स्थल पर बैठने की उचित व्यवस्था करें। बुजुर्ग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने के लिए डोली, पालकी आदि की पहले से ही व्यवस्था करें। प्रत्येक हॉल में ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा को गोपनीय रखना सुनिश्चित करें। जिला निर्वाचन अधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे ने की ओर से आयुक्त को निर्वाचन से संबंधित कार्यों और व्यवस्था की जानकारी भी दी गई। बैठक में एसएसपी यशवंत सिंह चौहान, मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत कुमार आर्य, उप जिलाधिकारी पौड़ी आकाश जोशी, श्रीनगर अजयवीर सिंह, सीओ श्याम दत्त नौटियाल, एमसीएमसी नोडल अधिकारी संजीव कुमार राय आदि मौजूद थे।
उधर, रुद्रप्रयाग में गढ़वाल आयुक्त ने कहा कि उत्तराखंड में विधानसभा निर्वाचन को संपादित करने में दो बड़ी समस्याएं हैं, मौसम और विषम भौगोलिक परिस्थितियां, जिनसे से पार पाना चुनौती है। पुलिस उप महानिरीक्षक केएस नगन्याल ने कहा कि जिले में केदारनाथ व रुद्रप्रयाग विधानसभा के दूरस्थ व हिमच्छादित प्रभावित बूथों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मनुज गोयल ने बताया कि जिले में दोनों विस में 361 मतदान केंद्र हैं। कहा कि मतदान से दो दिन पहले 18 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जाएगा। जबकि 13 फरवरी को 343 पार्टियां रवाना होंगी। इस मौके पर सीडीओ नरेश कुमार, एडीएम दीपेंद्र नेगी, आरओ अपर्णा, जितेंद्र वर्मा, एसडीएम परमानंद राम, सीएमओ डा. बीके शुक्ला, सीईओ यशवंत सिंह चौधरी, डीडीओ मनविंदर कौर, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. आशीष रावत, वरिष्ठ कोषाधिकारी प्रवीण बडोनी आदि थे। संवाद