केदारनाथ यात्रा के सफल संचालन को लेकर अधिकारियों को निर्देश देते हुए डीएम मनुज गोयल।
- फोटो : RUDRAPRYAG
जिलाधिकारी ने केदारनाथ यात्रा के सफल संचालन के लिए शांति व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग से केदारनाथ तक स्वास्थ्य, पेयजल, शौचालय व साफ-सफाई व्यवस्था को और दुरुस्त करने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश भी दिए।
गोयल ने यात्रा में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए धाम में पुख्ता सुुरक्षा इंतजाम पर जोर दिया। उन्होंने पुलिस उपाधीक्षक को अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही गढ़वाल मंडल विकास को लिनचोली में एक टेंट पुलिस को उपलब्ध कराने को कहा। जिलाधिकारी ने यात्रा में व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही बढ़ रही ठंड को देखते हुए नगर पंचायत को अलाव व्यवस्था करने को कहा। इस मौके पर एडीएम दीपेंद्र नेगी, डीडीओ मनविंदर कौर, सीओ विजेंद्र दत्त डोभाल, एआरटीओ मोहित कोठारी, ईई इंद्रजीत बोस, ईई मोहित डबराल आदि मौजूद थे। संवाद