उक्रांद जिला प्रवक्ता मोहित डिमरी ने घोलतीर-कोठगी मोटर पुल और कोठगी में नर्सिंग कॉलेज के निर्माण में देरी के विरोध में उपवास रखा। मौके पर जिलाधिकारी मनुज गोयल के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भी भेजा गया।
कोठगी में पार्टी कार्यकर्ताओं व क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ उपवास में बैठकर मोहित डिमरी ने कहा कि तल्लानागपुर के 12 से अधिक गांवों को बदरीनाथ हाईवे से जोड़ने के लिए 2005-06 में पू़र्व घोलतीर-कोठगी में पुल स्वीकृत किया गया था। आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है जबकि पुल को दोतरफा जोड़ने के लिए एप्रोच मार्ग बन चुका है। विधायक भरत चौधरी ने दो वर्ष पूर्व कोठगी में नर्सिंग कॉलेज निर्माण की बात कही थी लेकिन इस दिशा में भी शासन स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। इस मौके पर ज्येष्ठ प्रमुख सुभाष नेगी, ग्राम प्रधान हरेंद्र सिंह, देवेंद्र नेगी, भगत चौहान, अनदीप नेगी, गोपाल बर्त्वाल, सुरेंद्र प्रसाद, नीतीश नेगी आदि मौजूद थे। संवाद