तल्लानागपुर की विभिन्न समस्याओं को लेकर पूर्व विधायक शैलारानी रावत व मंडल अध्यक्ष गंभीर सिंह बिष्ट के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से भेंट की। उन्हें समस्याओं के निदान की मांग को लेकर ज्ञापन भी सौंपे गए।
मुख्यमंत्री धामी से भेंट करते हुए प्रतिनिधिमंडल ने तल्लानागपुर में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना, पॉलीटेक्निक भवन का निर्माण, अस्पताल समेत लंबित सड़कों के निर्माण की मांग की। साथ ही ग्राम पंचायत इशाला को सारी-ककोड़ाखाल मोअर मार्ग से जोड़ने की बात कही। पूर्व विधायक शैलारानी रावत ने मुख्यमंत्री से केदारनाथ विस क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए उचित प्रयास करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में केदारनाथ नगर पंचायत सलाहकार समिति अध्यक्ष देव प्रकाश सेमवाल, पंकज भट्ट, एसएस रावत, बुद्धिबल्लभ थपलियाल, राजेश्वरी थपलियाल समेत अन्य जनप्रतिनिधि शामिल थे।