रुद्रपुर। क्षेत्र में एक सिडकुल कर्मी ने पड़ोस में रहने वाली बच्ची को बहाने से घर बुलाकर दुष्कर्म की कोशिश की। बच्ची के शोर मचाने पर उसकी मां और अन्य पड़ोसियों ने वहां पहुंचकर बच्ची को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। आक्रोशित लोगों ने आरोपी की पिटाई कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। आरोपी पर पॉक्सो एक्ट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
बिंदुखत्ता (लालकुआं) निवासी किशन सिंह (40) यहां ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में रहकर सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करता है। आरोप है कि रविवार दोपहर बाद करीब तीन बजे पड़ोस में रहने वाली आठ साल की बच्ची को बेचने के लिए शराब की खाली बोतलें देनेे के लिए अपने कमरे में बुला लिया। किशन ने बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश की लेकिन बच्ची ने शोर मचा दिया।
बच्ची का शोर सुनकर उसकी मां और अन्य पड़ोसियों ने वहां पहुंचकर बच्ची को बचाया। इसके बाद लोगों ने किशन की पिटाई करने के बाद उसे ट्रांजिट कैंप पुलिस के हवाले कर दिया।
थानाध्यक्ष वीडी जोशी ने बताया कि पीड़ित बच्ची का मेडिकल कराने की कार्यवाही की जा रही है। बच्ची की मां की तहरीर पर आरोपी किशन के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है।