रुद्रप्रयाग। आईटीआई रुद्रप्रयाग में तीन नए ट्रेड को स्वीकृति मिल गई है। अब यहां छात्र-छात्राएं फैशन टेक्नोलॉजी, कंप्यूटर ऑपरेटर और मोटर मेकेनिकल की पढ़ाई कर सकेंगे। इन तीनों ट्रेड में 68 सीटें निर्धारित हैं।
ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर रैंतोली में संचालित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में इंडस्ट्रियल मैनेजमेंट कमेटी ने तीन नए ट्रेड संचालन की स्वीकृति दी है। वर्तमान में यहां इलैक्ट्रीशियन, वायरमैन, इलेक्ट्रानिक्स, फीटर व वेल्डर ट्रेड संचालित हो रहा है। इन सभी ट्रेड में 168 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। नए ट्रेड की स्वीकृति से जहां संस्थान में छात्र-छात्राओं की संख्या बढ़ेगी। वहीं, युवाओं के कौशल का विकास भी होगा। संस्थान के प्राचार्य नितिन कुमार शर्मा ने बताया कि अब संस्थान में तीन और ट्रेड को अनुमति मिली है। संचालन को लेकर जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जा रही है।