चारधाम यात्रा को लेकर दस दिवसीय विशेष सत्यापन अभियान के तहत जिले में अभी तक 767 लोगों का सत्यापन किया जा चुका है। इस दौरान कोई भी संदिग्ध प्रकाश में नहीं आया है।
पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल के दिशा-निर्देश में कोतवाली, थाना व चौकी पुलिस की टीमें गठित कर सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। दस दिवसीय अभियान के छठवें दिन तक जिले में 21 से 26 अप्रैल तक 666 मजदूर, 72 रेडी/ठेली संचालक और 29 किराएदारों का सत्यापन किया है। पुलिस के अनुसार आगामी केदारनाथ यात्रा में भी सत्यापन अभियान जारी रहेगा। पुलिस अधीक्षक अग्रवाल ने जिलेवासियों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों या किराये पर रखे बाहरी लोगों के बारे में नजदीकी पुलिस स्टेशन के माध्यम से सत्यापन कराने की अपील की। कहा कि यदि कोई बाहरी व्यक्ति बिना सत्यापन के पाया गया तो मकान मालिक का चालान कर 10 हजार रुपये आर्थिक दंड वसूला जाएगा।