रविवार को दिनभर केदारनाथ मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही से बनी रही रौनक।
- फोटो : RUDRAPRYAG
चारधाम यात्रा के दूसरे दिन सुबह से ही केदारनाथ में भक्तों की खूब चहलपहल रही। शाम 4 बजे तक धाम में 536 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन कर दिए थे। वहीं सोनप्रयाग से शाम 5 बजे तक 800 श्रद्धालु धाम के लिए रवाना हो चुके थे।
रविवार सुबह 6 बजे से ही श्रद्धालु बाबा के दर्शनों को मंदिर में पहुंचने लगे थे। दोपहर तक धाम में 400 श्रद्धालुओं ने सभामंडप से बाबा के दर्शन किए। इसके बाद भोग लगाकर एक घंटे के लिए कपाट बंद कर दिए गए। पुन: अपराह्न 3 बजे से दर्शन शुरू हुए। देवस्थानम बोर्ड यात्रा प्रभारी/डोली प्रभारी युद्धबीर सिंह पुष्पवाण ने बताया कि दूसरे ही दिन उम्मीद से अधिक श्रद्धालु धाम पहुंचे हैं। उम्मीद है कि अगले सप्ताह से भक्तों की संख्या प्रतिदिन दो से ढाई हजार तक पहुंच सकती है।
दो सीओ समेत 450 जवान तैनात
केदारनाथ यात्रा में तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सेवा के लिए पुलिस अपने स्तर से कोई कमी नहीं रखना चाहती है। रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे से लेकर केदारनाथ तक पुलिस द्वारा दो पुलिस उपाधीक्षक और 450 जवान तैनात किए गए हैं। ये सभी कार्मिक केदारघाटी के बाजारों से लेकर पैदल मार्ग के पड़ावों व केदारपुरी में तैनात हैं। पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने बताया कि केदारनाथ यात्रा के लिए पड़ावों व अन्य स्थानों पर 2 पुलिस उपाधीक्षक, 3 निरीक्षक, 1 निरीक्षक यातायात के साथ 18 उपनिरीक्षक, 5 महिला उपनिरीक्षक, 6 उपनिरीक्षक विशेष श्रेणी, 107 कांस्टेबल, 40 महिला कांस्टेबल, 65 होमगार्ड, 115 पीआरडी जवान, 2 प्लाट्रून पीएसी, 4 सब टीम एसडीआरएफ, 12 यातायात पुलिस कार्मिक, 4 फायरमैन, 2 उपनिरीक्षक अभिसूचना, 2 आरक्षी अभिसूचना, 1 संचार कार्मिक तैनात किए गए हैं। शासन के निर्देश पर बैरियरों व चेकपोस्टों पर भी आवश्यक पुलिस बल की नियुक्ति की गई।