पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को चोरी की बाइक समेत गिरफ्तार किया है। साथ ही उसकी निशानदेही पर चोरी की एक अन्य बाइक भी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
बुग्गावाला थाना क्षेत्र स्थित बुधवाशहीद निवासी शुभम सिंह ने पुलिस को बताया था कि 17 सितंबर को वह खेत पर गया था। इस बीच किसी ने उसकी बाइक चोरी कर ली थी। पुलिस ने केस दर्ज कर बाइक की तलाश शुरू कर दी थी। बुग्गावाला एसओ मनोज शर्मा ने बताया कि पुलिस क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार को रोक लिया और कागज दिखाने की बात कही लेकिन वह कुछ नहीं दिखा पाया। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो बताया कि उसने बाइक बुधवाशहीद के पास से चोरी की थी। इसके अलावा बताया कि एक बाइक देहरादून से चोरी की थी। एसओ ने बताया कि उसकी निशानदेही पर देहरादून से चोरी की गई बाइक भी बरामद की गई है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। साथ ही आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।