सहारनपुर निवासी एक युवक ने नाबालिग से दुष्कर्म कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। युवक को नाबालिग के परिजनों ने समझाने की कोशिश की तो उनके साथ भी अभद्रता और गाली-गलौज की। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ पोस्को एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक नाबालिग की उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के युवक के साथ शादी की बात चल रही थी। करीब पांच महीने पहले शादी पक्की हो गई थी। हालांकि उस दौरान वह 18 साल की नहीं हुई थी। ऐसे में परिजनों ने छह महीने बाद शादी करने की बात कही थी। इस बीच युवक का नाबालिग के घर आना-जाना शुरू हो गया। युवक फोन पर नाबालिग से बात करने लगा। इसी बीच युवक ने नाबालिग को बहला फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही दुष्कर्म की वीडियो और फोटो बना ली। इसके बाद युवक नाबालिग से जबरन वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म करने लगा। तीन महीने पहले एक दिन जब नाबालिग के परिजन घर पर नहीं थे तो युवक घर में घुस आया और दुष्कर्म करने लगा। इसी बीच नाबालिग की मां घर आ गई। मामला सामने आने पर नाबालिग ने पूरी आपबीती परिजनों को बताई। इसके बाद नाबालिग के पिता ने युवक से संपर्क किया तो उनके साथ भी गाली गलौज की और उनकी बेटी की अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पीड़ित के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर युवक पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ पोस्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।