रुड़की। शहर में लंबे समय बाद एक साथ 14 वैक्सीनेशन सेंटर खोले जाने से लोगों को बड़ी राहत मिली है। लोगों ने लाइन में लगवाकर वैक्सीनेशन करवाया। कई सेंटरों पर शाम तक वैक्सीनेशन होता रहा। हालांकि कुछ सेंटरों पर दोपहर दो बजे ही वैक्सीन खत्म होने से लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा।
शहर में कुछ समय से पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन की डोज नहीं पहुंच पा रही थी। ऐसे में वैक्सीनेशन सेंटरों की संख्या भी 15 से घटकर तीन से चार ही रह गई थी। कम सेंटर होने से लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए मारामारी करनी पड़ रही थी। आलम यह था कि घंटों लाइन में लगने के बाद भी लोगों को वैक्सीन की डोज खत्म होने पर निराश होकर लौटना पड़ता था। हालांकि वैक्सीनेशन करवाने वाले लोगों को बृहस्पतिवार को बड़ी राहत मिली। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग ने शहर में 14 वैक्सीनेशन सेंटर खोले थे। इसमें लगभग हर सेंटर पर वैक्सीन की 200 डोज भेजी गई थी, जबकि कुछ सेंटरों पर 400 डोज भेजी गई थी। ऐसे में वैक्सीनेशन करवाने आए लोगों को आराम से वैक्सीन लगी। हालांकि कुछ सेंटरों पर दोपहर दो बजे ही वैक्सीन खत्म हो गई थी। मूलराज इंटर कॉलेज में दोपहर को करीब दो बजे वैक्सीन लगवाने पहुंची प्रीति कौर, मनमीत सिंह, दीपक अरोड़ा और महिपाल आदि को निराश होकर लौटना पड़ा। वहीं नगर नगर में लगे सेंटर पर केवल कोवाक्सिन की दूसरी डोज लगाई जा रही थी। शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की परियोजना प्रबंधक रंजना भटनागर ने बताया कि बृहस्पतिवार को बीएसएम इंटर कॉलेज, मूलराज इंटर कॉलेज, गांधी महिला शिल्प विद्यालय, स्कूल नंबर 14, हेल्पिंग हैंड, शिवाजीनगर रुड़की, हर मिलाप धर्मशाला, दिगंबर जैन धर्मशाला, सिविल अस्पताल, नगर निगम, रामपुर चुंगी स्थित विधायक आवास आदि सेंटरों पर वैक्सीनेशन हुआ।