पुलिस ने युवक से मोबाइल और नकदी छीनने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों से मोबाइल और कुछ नकदी भी बरामद हुई है। साथ ही घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की गई है।
भगवानपुर क्षेत्र के गांव किशनपुर जमालपुर निवासी दिनेश कुमार ने शनिवार को बताया था कि उसकी अचानक तबीयत खराब हो गई थी। इस पर वह अपनी बाइक रोककर सड़क किनारे बैठ गया। तभी बाइक सवार दो युवक उसके पास पहुंचे और घर छोड़ने की बात कहने लगे। इस पर वह उन युवकों की बाइक पर बैठकर घर के बाहर पहुंचा। इस बीच युवकों ने उसकी जेब में रखा मोबाइल और पांच हजार की नकदी छीन ली और उसे घर के बाहर फेंककर फरार हो गए थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया था। रविवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि युवक से नकदी और मोबाइल छीनने वाले दोनों युवक जहाजगढ़ से इकबालपुर जाने वाले मार्ग पर स्थित गन्ने की चर्खी में बने कमरे के पास खड़े हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने स्वीकार किया उन्होंने ही घटना की थी। एसओ पीडी भट्ट ने बताया कि घटना में शामिल योगेश उर्फ रजत निवासी ग्राम जहाजगढ़, भगवानपुर और अर्जुन निवासी ग्राम खंजूरी, झबरेड़ा को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के पास से छीना गया मोबाइल और 1570 रुपये की नकदी व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है। इस दौरान पुलिस टीम में एसओ पीडी भट्ट, एसआई नरेंद्र सिंह तोमर, सिपाही करन कुमार और कुलवीर सिंह शामिल रहे।