सस्ते सोने के सिक्के के लालच में एक व्यापारी से दो युवकों ने लाखों की ठगी कर ली। ठगी का शिकार होने पर पीड़ित व्यापारी ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। साथ ही तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाल रही है।
ज्वालापुर के कटहरा बाजार निवासी व्यापारी अजय मिश्रा बृहस्पतिवार सुबह किसी काम से पुरानी सब्जी मंडी में आए थे। यहां पर उनके पास दो युवक पहुंचे। युवकों ने उनसे बातचीत शुरू कर दी। इस बीच युवकों ने बताया कि उनके पास सोने के सिक्के हैं और वह उन्हें बेचना चाहते हैं। इस पर अजय मिश्रा ने दोनों युवकों से सिक्के दिखाने की बात कही। युवकों ने एक सिक्का दिखाया तो उन्होंने उसके नकली और असली की पहचान की। सिक्का देखने के बाद वह उन्हें खरीदने के लिए तैयार हो गए। इस बीच युवकों ने एक पोटली में कुछ और सिक्के दिखाए। साथ ही सिक्कों का सौदा ढाई लाख रुपये में तय हो गया। उन्होंने ढाई लाख रुपये दोनों को दे दिए। युवकों ने भी उन्हें सोने की सिक्के की पोटली दे दी और वहां से चले गए। इसके बाद वह अपने एक परिचित सुनार के पास सिक्कों की जांच कराने पहुंचे। वहां पता चला कि सारे सिक्के ही नकली हैं। यह सुनकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। वह आननफानन में सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचे और पुलिस को जानकारी देते हुए तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।