लक्सर में आंधी तूफान के चलते पेड़ के नीचे दबने से हुई बाइक सवार सुमित कुमार की मौत- फाइल फोटो।
- फोटो : ROORKEE
तेज आंधी से गिरे पेड़ की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। साथ ही शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के गांव विजयपुरा निवासी सुमित (25) पुत्र राजकुमार सोमवार सुबह घर के निर्माण कार्य के लिए सुल्तानपुर क्षेत्र में बजरी लेने के लिए गया था। सुबह करीब पांच बजे वह घर लौट आ रहा था। जैसे ही वह हरिद्वार रोड स्थित पीर बाबा की मजार पर पहुंचा तो तेज आंधी आ गई। आंधी चलने से सड़क किनारे खड़ा पेड़ उसके ऊपर जा गिरा। पेड़ गिरने से सुमित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। साथ ही बाइक और शव को पेड़ के नीचे से बाहर निकाला। जेब से मिले आधार कार्ड से पहचान होने के बाद सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आननफानन परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि आंधी में एक युवक के पेड़ के नीचे दबने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को बाहर निकाला गया। सुमित के पिता राजकुमार ने बताया कि वह खेती में ही हाथ बंटाता था। करीब पांच साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसका चार साल का बेटा और दो साल की बेटी है।