लक्सर/खानपुर (रुड़की)। राइस मिल में अपनी जगह दूसरा चौकीदार रखे जाने से नाराज पूर्व चौकीदार ने ही साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या की थी। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि शादी के बाद ही बेरोजगार होने से वह बेहद गुस्से में था। इसी वजह से उसने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। साथ ही उनके पास से लूटी गई बाइक और अन्य सामान भी बरामद कर लिया है।
बृहस्पतिवार को एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने लक्सर कोतवाली में प्रेसवार्ता कर राइस मिल के चौकीदार पालेराम की हत्या का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 18 सितंबर को अकबरपुर ऊद गांव के बाहर स्थित राइस मिल के चौकीदार पालेराम निवासी बाबरी, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) का शव मिल परिसर पड़ा मिला था। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। खुलासे के लिए कड़ी से कड़ी मिलाई गई तो मिल के पूर्व चौकीदार मिथुन निवासी अकबरपुर ऊद पर शक गहराया। पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह टूट गया। पूछताछ में मिथुन ने बताया कि मिल स्वामी ने उसे हटाकर पालेराम को चौकीदार रख लिया था। उसकी तीन महीने पहले ही शादी हुई थी। बेरोजगार होने से वह वह गुस्से में था।
लिहाजा मुकेश उर्फ मोटा और अंकुश निवासी फतेहपुर जुनार के साथ मिलकर पालेराम की हत्या की योजना बनाई। 16 सितंबर की रात तीनों राइस मिल में पहुंचे और पालेराम के साथ खाना खाया। जब पालेराम सो गया तो बेलन, पाठल, हैंडपंप के हैंडल से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी थी। साथ ही बाइक, दो बैटरी, एक गैस सिलिंडर, दो पंखे, मोबाइल, वाईफाई और सीसीटीवी कैमरे लेकर फरार हो गए थे। एसएसपी ने बताया कि उसके दोनों साथियों को भी पीपली गांव के पास बेगम पुल से गिरफ्तार कर तीनों को जेल भेज दिया गया। लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया है।
--
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कोतवाली प्रभारी प्रदीप चौहान, एसएसआई मनोज सिरोला, सुल्तानपुर पुलिस चौकी प्रभारी अंकुर शर्मा, भिक्कमपुर पुलिस चौकी प्रभारी मनोज नौटियाल, रायसी पुलिस चौकी प्रभारी विनय मोहन द्विवेदी, एसआई नवीन पुरोहित समेत सिपाही अब्बल, नारायण, मुकेश चौहान, बलबीर, सीआईयू प्रभारी जहांगीर अली, एचसीपी अहसान अली, सुरेश रमोला, कपिल, अशोक, रविंद्र खत्री, महिपाल, नितिन। एसएसपी ने पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये इनाम देने की भी घोषणा की है।