बच्ची के इलाज के लिए दिन-रात मजदूरी कर जुटाई रकम पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। चोर मजदूर के घर से हजारों की रकम और दो मोबाइल चोरी कर ले गए। पीड़ित ने गांव के ही युवक पर शक जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित जौरासी जबरदस्तपुर गांव निवासी इरशाद रामपुर नवीन मंडी में मजदूरी करते हैं। उनकी बेटी को खून की कमी से संबंधित बीमारी है। उसका इलाज ऋषिकेश एम्स में चल रहा है। पीड़ित के अनुसार, उन्होंने बेटी के इलाज के लिए दिन-रात मजदूरी कर पिछले दो महीने में 25 हजार रुपये जमा कर घर में रखे थे। रविवार को वह पत्नी के साथ बेटी को लेकर एम्स में दिखाने गए थे। इस बीच किसी ने घर में रखी नकदी और दो मोबाइल चोरी कर लिए। वह शाम के समय ऋषिकेश से वापस आए तो घर का सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था।
संदूक का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखी 25 हजार रुपये की नकदी गायब थी। उन्होंने आसपास रहने वालों को चोरी की जानकारी दी। पता चला कि गांव के ही एक युवक को घर के आसपास कई बार देखा गया था। पीड़ित ने सोमवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर युवक पर चोरी का शक जताते हुए कार्रवाई की मांग की। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी दीप कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। साथ ही युवक से पूछताछ की जा रही है।