इकबालपुर में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में विचार रखते विधायक देशराज कर्णवाल।
- फोटो : ROORKEE
झबरेड़ा। बकाया गन्ना भुगतान नहीं करने को लेकर झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल ने इकबालपुर शुगर मिल की मालकिन और मैनेजिंग डायरेक्टर एवं जीएम समेत तीन के खिलाफ झबरेड़ा थाने में तहरीर दी है। उन्होंने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। इससे पूर्व विधायक का क्षेत्र में स्वागत किया गया।
झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल की ओर से झबरेड़ा थाने में दी गई तहरीर में बताया गया है कि मिल द्वारा किसानों का बकाया 116 करोड़ रुपये नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मिल प्रबंधन ने उच्च न्यायालय को भी गलत जानकारी दी है। भुगतान नहीं होने से कई किसानों की आर्थिक स्थिति दयनीय हो गई है। यही नहीं, भुगतान के अभाव के कई लोग बीमारी का इलाज नहीं करा पाने के चलते मौत के मुंह में समा गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चीनी को बेचकर नियमानुसार किसानों को भुगतान किया जाना था, लेकिन मिल ऐसा नहीं कर रहा है, जबकि मिल के अधिकारी सभी सुविधाएं और वेतन ले रहे हैं। उन्होंने मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। मामला न्यायालय में भी चल रहा है। सभी बिंदुओं पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, इससे पूर्व इकबालपुर शुगर मिल गेट पर विधायक देशराज कर्णवाल के विधानसभा में गन्ने के बकाया भुगतान एवं मूल्य निर्धारण को उठाए जाने पर लोगों ने उनका फूल मालाओं के साथ स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को विधानसभा में प्राथमिकता से उठाया गया है। किसानों के हक में कानून बनने पर नजर रखी जा रही है। सत्ता पक्ष के होते हुए भी वह सवाल उठा रहे हैं। इस दौरान डॉ. सुरेश चौधरी, आदिल फरीदी, सुबोध शर्मा, पंजाब सिंह, बबलू चौधरी, अरशद, जमशेद, जितेंद्र, बबलू, भूरा, सेठपाल, सतीश नागर, प्रीतम सिंह एवं ऋषिपाल मछंदर आदि मौजूद रहे।