रुड़की। मार्निंग वॉक से घर लौट रहीं संग्रह अमीन की मां से बदमाश ने सोने की चेन लूट ली। शोर मचाने पर बदमाश गली में फरार हो गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, लेकिन बदमाश का कुछ पता नहीं चल पाया। संग्रह अमीन की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित मकतूलपुरी निवासी अरुण शर्मा रुड़की तहसील में संग्रह अमीन हैं। बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे उनकी माता सत्यवती शर्मा और पिता रमेश चंद शर्मा मार्निंग वॉक के लिए निकले थे। लौटते समय जैसे ही घर के पास मिलन फार्म हाउस के सामने पहुंचे तो एक युवक आया। जब तक दंपती कुछ समझ पाता, युवक ने सत्यवती शर्मा के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली और फरार हो गया। दंपती ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। साथ ही घटना की सूचना दंपती के घर दी। घरवाले आननफानन मौके पर पहुंचे और सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आसपास बदमाश की तलाश की और सीसीटीवी कैमरे खंगाले, लेकिन बदमाश के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। संग्रह अमीन की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। जल्द बदमाश को पकड़कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
--
...तो रेकी कर रहा था बदमाश
चेन लूट की घटना के बाद आशंका जताई जा रही है कि बदमाश को दंपती के मार्निंग वॉक पर जाने की जानकारी पहले से ही थी। उसने घटना को अंजाम देने से पहले रेकी की होगी। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश बुजुर्ग दंपती को जानता होगा और वह आसपास का ही रहने वाला हो सकता है। पुलिस मामले में संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
--
सावधान! बुजुर्गों को निशाना बना रहे बदमाश
वारदात पर वारदात कर दे रहे चुनौती, पुलिस कैमरे चेक करने तक सीमित
केस नंबर एक
दस अगस्त को सहारनपुर के सेवानिवृत्त कर्मचारी नरेंद्र कुमार से एसबीआई की मुख्य शाखा के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने एक लाख रुपये की लूट की थी। दस दिन बाद भी बदमाशों का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। हालांकि, पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक को लंढौरा से बरामद कर लिया है।
--
केस नंबर दो
11 जुलाई की सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने पूर्वावाली निवासी सुनीता से तमंचे के बल पर लूटपाट की थी। रात में बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई थी। इसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी थी जबकि दूसरा फरार हो गया था। दोनों बदमाश मुकीम काला गैंग के थे। अभी तक दूसरा बदमाश फरार है। --
केस नंबर तीन
मकतूलपुरी निवासी बुजुर्ग महिला सत्यवती शर्मा से दिन निकलते ही एक बदमाश से सोने की चेन लूट ली और फरार हो गया। पुलिस अभी तक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकालने में व्यस्त है। अभी तक बदमाश के बारे में पुलिस को कुछ पता नहीं चला है। पुलिस बदमाश को पकड़ने में मात्र लकीर पीट रही है।
--
मोनू शर्मा
रुड़की। सावधान! शहर के बुजुर्ग बदमाशों के निशाने पर हैं। बुजुर्गों को निशाना बनाकर बदमाश लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। बावजूद इसके बुजुर्गों की सुरक्षा का दम भरने वाली पुलिस लकीर पीट रही है। आलम यह है कि बदमाश आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं और पुलिस चेकिंग व सीसीटीवी कैमरे चेक करने तक ही सीमित रह जाती है।
पुलिस की ओर से तमाम दावे किए जाते हैं कि बुजुर्गों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है, लेकिन बुजुर्गों के साथ हो रही लूट की घटनाएं इन दावों की पोल खोल रही हैं। बदमाश पुलिस की घेराबंदी कर वारदात पर वारदात कर रहे हैं और पुलिस सुरक्षा से लेकर चेकिंग का ढिंढोरा पीट रही है। हाल ही में एसबीआई के बाहर सेवानिवृत्त कर्मचारी से एक लाख की लूट और मार्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला से सोने की चेन लूट इसकी तस्दीक कर रही है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का दावा है कि घटनाओं पर अंकुश लगाने और बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन शहर में आए दिन हो रही घटनाएं बयां कर रही हैं कि सब कुछ ठीक नहीं है।
--
बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाता है। रुड़की में जितनी भी घटनाएं हुई हैं, उनका जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस को गश्त बढ़ाने और चेकिंग के निर्देश दिए जाएंगे।
-सेंथिल अबूूदई कृष्णराज एस, एसएसपी