राजेश पायलट मिनी स्टेडियम को आधुनिक बनाने के लिए 15 करोड़ रुपये स्वीकृत होने से क्षेत्र में खुशी की लहर है। राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय खिलाड़ी आने वाले समय के लिए इसे मील का पत्थर बता रहे हैं।
विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने वर्ष 2004 में खानपुर में प्रदेश का पहला मिनी स्टेडियम स्थापित कराया था, लेकिन स्टेडियम में पूरी सुविधाएं न होने के चलते क्षेत्र के खिलाड़ियों को लाभ नहीं मिल पा रहा था। इसे देखते हुए विधायक स्टेडियम को आधुनिक बनाने के लिए प्रयासरत थे। तीन दिन पहले प्रदेश सरकार ने स्टेडियम को आधुनिक बनाने के लिए 15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इस बजट से स्टेडियम में सभी खेलों की तैयारी के लिए सुविधा विकसित होगी। इससे क्षेत्र के युवाओं में खुशी की लहर है।
मिनी स्टेडियम में आधुनिक सुविधाएं होने से क्षेत्र के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करेंगे। इससे खिलाड़ी क्षेत्र, प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
-विनय शर्मा
बाढ़ग्रस्त जैसे क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेडियम कल्पना लगता था। अब मिनी स्टेडियम में आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
-आकाश पंवार,
सुविधा मिलने से युवा खेलों ही नहीं बल्कि पुलिस, आर्मी सहित अन्य शारीरिक दक्षता परीक्षा वाली प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे।
-राजदेव
क्षेत्र में खेलों प्रतिभाओं की कमी नहीं है। अब क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेडियम मिलने से युवा विश्व में सफलता का डंका बजाएंगे।
-ओम सिंह
युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। अब खानपुर के मिनी स्टेडियम में आधुनिक सुविधाएं मिलने से क्षेत्र के युवा विश्व स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर मेडल लाएंगे।
-सेठपाल, पूर्व कोच