इकबालपुर शुगर मिल की 558 बीघा जमीन 67 वर्ष बाद भी कृषि भूमि में चली आ रही है। शुगर मिल की ओर से तहसील अधिकारियों से जमीन को 143 के तहत अकृषित करने की मांग की गई है। इस पर भगवानपुर तहसील की टीम ने शुक्रवार को इकबालपुर पहुंचकर जांच पड़ताल की। किसानों के बकाया भुगतान के लिए इकबालपुर शुगर मिल की ओर से लोन की प्रक्रिया गतिमान है।
बताया जा रहा है कि बैंक की ओर से लोन की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए शुगर मिल की जमीन को 143 यानी अकृषित भूमि में दर्ज कराने को कहा गया है। लिहाजा शुगर मिल ने तहसील अधिकारियों से जमीन को अकृषित करने की मांग की गई है। इसके लिए एसडीएम संतोष कुमार पांडेय ने नायब तहसीलदार रमेश चंद के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया है।
शुक्रवार को टीम ने इकबालपुर शुगर मिल पहुंचकर रिकॉर्ड खंगाले। नायब तहसीलदार रमेश चंद ने बताया कि पत्रावली की जांच से पता चला है कि जमीन अभी तक कृषि में ही दर्ज है। इसकी रिपोर्ट जल्द ही एसडीएम को सौंप दी जाएगी।