महावीर इंटरनेशनल स्कूल की 12वीं की आस्था सैनी और दसवीं के अनमोल गौतम ने स्कूल टॉप कर अभिभावकों का मान बढ़ाया है। स्कूल के निदेशक शिव कुमार, मैनेजर सुशील सैनी ने बताया कि किन्हीं कारणों से उनके स्कूल का 12 का रिजल्ट रुक गया था जबकि दसवीं का रिजल्ट भी मंगलवार को देर शाम आया। इससे स्कूल के छात्र-छात्राओं को परिणाम के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। इस बार भी स्कूल का रिजल्ट शत प्रतिशत रहा।
बुधवार को स्कूल के सभी टीचरों और अन्य स्टाफ ने हवन कर खुशी मनाई। उन्होंने बताया कि 12वीं में आस्था सैनी ने 95.8 और अभिनव ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया है। मीनू और सैद ने भी 91 प्रतिशत लाकर अच्छा प्रदर्शन किया। दसवीं में अनमोल गौतम 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल टॉपर बने। इसके अलावा दसवीं में ही गुनगुन और तुलसी ने दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया है। वहीं, द एसपी ग्लोबल स्कूल में भी कक्षा 10 का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। प्रिंसिपल शॉन टिम्स ने कहा कि स्कूल का परीक्षा परिणाम बेहतर करने में अध्यापकों की भी मेहनत है। स्कूल में ऑनलाइन क्लास के लिए हर महीने एकेडमिक प्लान बनाया गया। नियमित तौर पर प्रतियोगिताएं कराई जाती रहीं। उन्होंने बताया कि स्कूल में कक्षा दस के अर्जुन चौधरी ने 98.4 प्रतिशत अंकों के साथ टॉप किया। 24 फीसदी छात्रों का परिणाम 90 प्रतिशत से ज्यादा रहा। स्कूल के ऑनलाइन कक्षाओं के संचालन से अभिभावक खुश हैं। स्कूल मैनेजमेंट ने भी छात्रों को उनकी सफलता के लिए बधाई दी।
--
हर्षवर्धन ने किया स्कूल टॉप
पिरान कलियर। सीबीएससी हाईस्कूल में सेम्फोर्ड शैफील्ड स्कूल के छात्रों ने भी अपना परचम लहराया। डारेक्टर डीके शर्मा और प्रधानाचार्या रुचि रावत ने बताया कि 10वीं के छात्र हर्षवर्धन राठौर ने 98 प्रतिशत के साथ बाजी मारी। द्वितीय स्थान पर रहे जैद बिन शम्स ने 97 प्रतिशत, तीसरे स्थान पर कृष्णा कुमार पटेल व शगुन बिष्ट ने 95 प्रतिशत, चौथे स्थान पर अदिति शर्मा ने 94 प्रतिशत, पांचवें स्थान पर अभिषेक, आर्यन चौहान एवं अनुष्का विश्नोई ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। उन्होंने पास हुए सभी छात्रों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। संवाद
--
प्रियांशु और राजवंश ने पाया पहला स्थान
लक्सर/खानपुर। सीबीएसई दसवीं के रिजल्ट में मोंर्टफोर्ट चिल्ड्रन एकेडमी का रिजल्ट शत प्रतिशत रहा। प्रियांशु और राजवंश ने 92 प्रतिशत अंक और आशीष ने 91 प्रतिशत अंक लाकर स्कूल का नाम रोशन किया है। प्रबंधक चौधरी जसवीर सिंह ने बताया कि स्कूल का रिजल्ट शत प्रतिशत रहा। छात्रों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। संवाद