बुआ की लड़की पर गलत नजर रखने पर दोस्त ने ही छात्र राज सिंह उर्फ मंजीत की गोली मारकर हत्या की थी। हत्या करने के बाद आरोपी ने अपने नाबालिग दोस्त को तमंचा दिया था। पुलिस ने हत्यारोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा, बाइक और दो खोखे बरामद किए हैं। साथ ही उसके दोस्त को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है। वहीं, पुलिस ने हत्यारोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
मंगलवार को सिविल लाइंस कोतवाली में एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने गांव लहबोली निवासी 11वीं के छात्र राज सिंह उर्फ मंजीत की हत्या का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 22 अक्तूबर को राज सिंह का गोली लगा शव मखदूमपुर इंटर कॉलेज से कुछ ही दूरी पर एक के खेत में मिला था। मृतक के पिता अशोक की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। हत्या के खुलासे के लिए सीआईयू समेत चार पुलिस टीमें लगाई गई थीं। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और मृतक के दोस्तों से पूछताछ की। इस दौरान एक कैमरे में एक बाइक पर राज सिंह उर्फ मंजीत के साथ अंशुल निवासी शेरपुर खेलमऊ, झबरेड़ा दिखाई दिया। पुलिस ने मंगलवार को अंशुल को गांव लखनौता के पास से गिरफ्तार कर पूछताछ की। इसमें उसने राज सिंह की हत्या करने की बात स्वीकारी। पूछताछ में अंशुल ने बताया कि 12 अक्तूबर को उसका जन्मदिन था, जिसमें उसने राज सिंह समेत सभी दोस्तों को बुलाया था। यहां राज सिंह उसकी बुआ की लड़की के पीछे पड़ा हुआ था और उस पर गलत नजर रख रहा था। उसे यह बात नागवार गुजरी। 15 अक्तूबर की रात नशे में राज सिंह ने बताया कि उसे उसकी बुआ की लड़की बहुत अच्छी लगती है। इस पर उसने राज सिंह को समझाया, लेकिन वह नहीं माना। यह बात उसके दिल में चुभ गई और उसने उसकी हत्या करने की योजना बनाई। 22 अक्तूबर को राज सिंह उसे मिला और वह उसे बहाने से अपने साथ ले गया। मखदूमपुर के पास उसने सिगरेट पीने की बात कही। राज सिंह ने जैसे ही सिगरेट निकाली तो उसने तमंचा निकालकर उसकी पीठ पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद वह भागने लगा। इस पर पीछा कर उसने दूसरी गोली उसे सिर में मार दी और मौके से फरार हो गया। हत्या में प्रयुक्त तमंचा उसने शेरपुर खेलमऊ निवासी अपने नाबालिग दोस्त को दे दिया। एसएसपी ने बताया कि आरोपी नारसन क्षेत्र के एक स्कूल में 11वीं का छात्र है। साथ ही आरोपी के नाबालिग दोस्त को भी गिरफ्तार कर तमंचा बरामद किया गया है। उससे फिलहाल पुलिस पूछताछ कर रही हैैैै। साथ ही हत्या में प्रयुक्त बाइक और दो खोखे भी बरामद किए गए हैं। वहीं, पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। इस दौरान एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल और सीओ विवेक कुमार मौजूद रहे।
सीआईयू और पुलिस टीम की पीठ थपथपाई
एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने छात्र की हत्या का खुलासा करने वाली सीआईयू और पुलिस टीम की पीठ थपथपाई। पुलिस टीम में इंस्पेक्टर प्रवीण सिंह कोश्यारी, एसएसआई रफत अली, थानाध्यक्ष झबरेड़ा विनोद थपलियाल, एसआई एनके बचकोटी, कुलेंद्र रावत, सिपाही प्रभाकर थपलियाल, दीपक नेगी, देवेंद्र, रविंद्र राणा, यूनुस बेग, सुंदर, नूरहसन, मोहित और सीआईयू प्रभारी जहांगीर अली, कपिल देव, अशोक, रविंद्र खत्री और नितिन थे।