लंढौरा में सड़क हादसे में हुई अधिवक्ता की मौत के बाद मौके पर जमा भीड़ व पुलिस।
- फोटो : ROORKEE
लंढौरा। ट्रक की टक्कर से स्कूटी पर पीछे बैठे अधिवक्ता पहिए के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी चालक भी घायल हो गया। पुलिस ने चालक और ट्रक को कब्जे में ले लिया।
लक्सर गांव निवासी अधिवक्ता अनिल सिंघल रविवार को अपने साथी विपिन के साथ ढंडेरा में एक दुकान पर मकान के लिए पत्थर देखने आए थे। वह पत्थर देखने के बाद स्कूटी से घर वापस लौट रहे थे। स्कूटी विपिन चला रहे थे और वह पीछे बैठे थे। जैसे ही उनकी स्कूटी पुरानी लंढौरा पुलिस चौकी के पास पहुंची तो पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से अनिल सिंघल सड़क पर जा गिरे और ट्रक का पहिया उनके सिर पर उतर गया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए। आसपास के लोगों ने ट्रक चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही उनके परिजन लंढौरा पहुंचे। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों की तहरीर आने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।