-रुड़की का सोलानी मैदान बना जोश और जुनून का केंद्र
- सीनियर नेशनल की तैयारी में जुटे रग्बी खिलाड़ी, रुड़की का सोलानी मैदान बना जोश और जुनून का केंद्र
रुड़की। राजगीर स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स बिहार में अप्रैल से आयोजित होने वाली सीनियर नेशनल रग्बी चैंपियनशिप प्रतियोगिता के लिए महिला और पुरुष खिलाड़ी पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ कड़ी मेहनत में जुटे हुए हैं। रुड़की स्थित सोलानी रग्बी मैदान इन दिनों खिलाड़ियों के जोश, अनुशासन और समर्पण का गवाह बन रहा है, जहां सुबह से शाम तक अभ्यास सत्र लगातार जारी हैं।
सोलानी नदी में बने मैदान पर रग्बी के कोच आयुष सैनी की निगरानी में नियमित ट्रेनिंग, फिटनेस ड्रिल, पासिंग तकनीक और मैच सिचुएशन का अभ्यास कराया जा रहा है ताकि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन किया जा सके। मैदान पर महिला खिलाड़ियों की भागीदारी भी उत्साहजनक दिखाई दे रही है, जो खेल के बढ़ते दायरे को दर्शाती है। उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष व कोच आयुष सैनी ने बताया कि प्रदेश भर में रग्बी को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। संघ का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं बल्कि नई पीढ़ी को खेल से जोड़कर उन्हें सही दिशा देना है। गांव-गांव और शहर-शहर में कैंप लगाकर बच्चों को इस खेल के प्रति जागरूक किया जा रहा है।