फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तीन घरों में हथियारों के बल पर लाखों की डकैती

विज्ञापन
सुल्तानपुर में हुई डकैती के बाद खड़े लोग। - फोटो : ROORKEE
विज्ञापन
बेखौफ नकाबपोश बदमाशों ने एक ही रात में चार अलग-अलग परिवारों को हथियारों के बल पर बंधक बनाकर लाखों की डकैती की वारदात को अंजाम दे डाला। पांचवें घर में भी डकैती डालने की कोशिश की, लेकिन मालिक के जागने पर बदमाशों को भागना पड़ा। चार घरों में डकैती की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। आननफानन सीओ और इंस्पेक्टर समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पीड़ित परिवारों के लोगों से घटना की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि बदमाश चार घरों से करीब एक लाख नकदी और ढाई से तीन लाख के जेवर ले गए हैं। पुलिस केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
विज्ञापन

लक्सर कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर में इस्माइलपुर रोड पर नई कॉलोनी बस रही है। शुक्रवार रात यहां गुलजार परिवार सहित घर में सो रहे थे। रात करीब साढ़े बारह बजे दस से 12 नकाबपोश बदमाश लकड़ी की सीढ़ी लगाकर छत से अंदर घुस आए और हथियार के बल पर परिवार वालों को बंधक बना लिया। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। साथ ही घर में रखी 20 हजार की नकदी, एक किलो चांदी लूट ली और परिवार को अंदर बंद कर चले गए। इसके बाद बदमाश गुलजार को लेकर आरिफ के घर में पहुंचे और दरवाजा खुलवाकर परिवार के लोगों को बंधक बना लिया। बदमाशों ने घर में रखी 50 हजार की नकदी और जेवर लूट लिए।
फिर गुलजार को साथ लेकर शेर अली के घर पहुंचे और उनके परिवार को भी बंधक बना लिया। बदमाशों ने शेर अली के घर से सात हजार नकदी और जेवर लूट लिए। इसके बाद दो बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाए रखा जबकि अन्य ने गुलजार की मदद से नफीस का दरवाजा खुलवाया और तमंचे के बल पर नकदी व जेवर लूट लिए। पांचवें घर में डकैती के इरादे से बदमाश गुलजार को लेकर नूर हसन के यहां पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। रात में दरवाजा खटखटाने पर नूर हसन को शक हुआ।
विज्ञापन

उन्होंने दरवाजा खोलने के बजाय 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को बदमाश आने की सूचना दी। बदमाशों ने नूर हसन की पुलिस से बातचीत सुन ली और गुलजार को छोड़कर तेजी से भाग निकले। सूचना मिलते ही सीओ लक्सर बीएस चौहान, कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट और एसएसआई मनोज सिरोला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से जानकारी ली। कोतवाली प्रभारी यशपाल बिष्ट ने बताया कि बदमाशों की पहचान के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं, शाम को एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और पुलिस को जल्द खुलासे के निर्देश दिए।
एक घंटे के भीतर ही वारदात को दिया अंजाम
बदमाशों ने साढ़े बारह बजे गुलजार के घर में लूटपाट की। इसके बाद गुलजार की मदद से ही तीन अन्य घरों के दरवाजे खुलवाए, लेकिन पांचवें घर को खुलवाने मेें नाकाम रहे। करीब एक घंटे तक बदमाश चारों घरों में तांडव मचाते रहे। इस बीच आसपास के लोगों को भी बदमाशों के आने की भनक नहीं लगी।
पुलिस की चार टीमें लगाईं
सुल्तानपुर में डकैती के खुलासे के लिए क्राइम इन्वेस्टिगेशन यूनियन (सीआईयू) समेत चार टीमें लगाई गई हैं। एसपी देहात प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि बदमाशों की गहनता से तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद भी ली जा रही है। साथ ही टावर डंप के जरिये आसपास चलने वाले मोबाइल की जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
दहशत में हैं चारों परिवार
डकैती की घटना के बाद चारों परिवारों के लोग दहशत में हैं। पुलिस परिवार के लोगों से बदमाशों के बारे में पूरी जानकारी जुटा रही है। परिवार से पूछताछ में पता चला है कि बदमाशों की भाषा बिजनौर और मुजफ्फरनगर से मिलतीजुलती थी। ऐसे में स्थानीय पुलिस बिजनौर और मुजफ्फरनगर पुलिस से भी घटना के संबंध में जानकारी ले रही है।
...तो घुमंतू गिरोह ने डाली डकैती
वारदात के तरीके को देखकर पुलिस के शक की सुई घुमंतू गिरोह पर घूम रही है
इसी तरह वारदात को अंजाम देता है गिरोह, गिरोह में रहते हैं आठ से दस लोग
सुल्तानपुर में डकैती की वारदात के पीछे घुमंतू गिरोह पर पुलिस के शक की सुई घूम रही है। जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया है, इसी तरह घुमंतू गिरोह अंजाम देता है। पुलिस भी आशंका जता रही है कि वारदात के पीछे किसी गिरोह का ही हाथ है। गिरोह ने पूरी रेकी करने के बाद ही घटना को अंजाम दिया है। पुलिस गिरोह की तलाश के लिए पश्चिमी यूपी में भागदौड़ करने में लग गई है।
सुल्तानपुर में चार परिवारों को बंधक बनाकर डकैती कर बदमाशों ने पुलिस को बड़ी चुनौती दी है। जिले में लंबे समय से डकैती की घटना नहीं हुई थी। ऐसे में इस वारदात ने पुलिस अधिकारियों की टेंशन बढ़ा दी है। खुलासे के लिए पुलिस कई बिंदुुओं पर जांच कर रही है। पुलिस की जांच कई गिरोह पर टिकी हुई है। पुलिस को आशंका है कि डकैती के पीछे किसी गिरोह का हाथ है और उन्होंने पूरी रेकी कर घटना को अंजाम दिया है। सबसे अधिक पुलिस के शक सुई घुमंतू गिरोह पर घूम रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस तरह से घटना को अंजाम दिया गया है, इसी तरह घुमंतू गिरोह घटना को अंजाम देता है। गिरोह के सदस्य अलग-अलग क्षेत्र में घूमकर रेकी करते हैं। इसके बाद घटना को अंजाम देते हैं। गिरोह पहले लाठी-डंडों का प्रयोग करता था, लेकिन अब तमंचे और धारदार हथियार का प्रयोग कर रहा है। सुल्तानपुर में भी बदमाशों ने तमंचे के बल पर घटना को अंजाम दिया। एसपी देहात प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि घटना के पीछे किसी गिरोह का हाथ है। इस तरह की घटना घुमंतू गिरोह अधिक करता है। जल्द ही खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें