प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए जा रहे आवासों के लिए दूसरी किस्त जल्द अवमुक्त कराने के जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक ने बीडीओ को पत्र भेजा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मनरेगा मस्टररोल जनरेट नहीं होने के चलते किसी भी पात्र व्यक्ति की दूसरी किस्त रुकनी नहीं चाहिए।
इस बार रुड़की ब्लॉक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1555 आवास बनाए जा रहे हैैं। लक्ष्य के सापेक्ष अधिकारियों ने पात्र व्यक्तियों का चयन भी कर लिया है। चयनित पात्रों को पहली किस्त भी दी जा चुकी है। अब दूसरी किस्त जारी करने का समय आ गया है। दूसरी किस्त शासन से अवमुक्त कराने के लिए अधिकारियों को पहली किस्त में हुए काम का जियोटैग कर प्रस्ताव अभिकरण कार्यालय को भेजना पड़ता है। हालांकि, देखने में आया है कि शासन से पहली किस्त अवमुक्त हो चुकी है, लेकिन कुछ ब्लॉकों में उस किस्त को प्राप्त नहीं किया गया है, जबकि जिसने पहली किस्त प्राप्त कर पात्रों को दे दी है, उन्होंने दूसरी किस्त के लिए प्रस्ताव नहीं भेजा है।
कुछ ब्लॉकों में दूसरी किस्त के लिए आवेदन नहीं करने के पीछे अधिकारी कारण बता रहे हैं कि मनरेगा मस्टररोल किन्हीं कारणों से जनरेट नहीं हो पा रहा है। ऐसे में जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक ने पत्र जारी कर सभी बीडीओ को दूसरी किस्त अवमुक्त कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि मरेगा मस्टररोल जनरेट नहीं होने के कारण पात्रों की दूसरी किस्त नहीं रुकनी चाहिए। पात्र व्यक्ति अपने घर बनने का इंतजार करते रहते हैं और अधिकारी प्रस्ताव तक नहीं भेजते हैं। इसलिए अधिकारी दूसरी किस्त के लिए जल्द पात्र व्यक्ति के काम की जियो टैगिंग कर ब्योरा का प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय भेज दें। बीडीओ शिव प्रसाद थपलियाल ने बताया कि पहली किस्त प्राप्त कर ली गई है। जल्द ही जियोटैग कराकर दूसरी किस्त के लिए पत्र जारी किया जाएगा।