रुड़की। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण महा अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। शहर से लेकर देहात तक टीकाकरण केंद्रों पर अधिकारी लगातार निरीक्षण कर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। वहीं विभाग ने रविवार को शहर में 14 वैक्सीनेशन सेंटर खोले और 15 मोबाइल वैन चालू की। मोबाइल टीम ने लोगों को घर-घर जाकर वैक्सीन लगाई। दो दिन में विभाग ने करीब छह हजार लोगों को वैक्सीन लगाई।
इस समय देश में जिस तरह से कोरोना महामारी की तीसरी लहर की आशंका बढ़ रही है, उसको देखते हुए सरकार के साथ ही स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन का पूरा ध्यान टीकाकरण पर है। इसको लेकर जिले में डीएम के आदेश पर टीकाकरण महा अभियान शुरू किया गया है। पहले यह एक पखवाड़े में एक दिन शुरू किया जाता था, अब इसे साप्ताहिक टीकाकरण महा अभियान नाम दे दिया गया है। इसके तहत 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के हर व्यक्ति को वैक्सीन लगाई जा रही है। रविवार को टीकाकरण अभियान के दूसरे दिन भी स्वास्थ्य विभाग ने इसे सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। रविवार को शहर में अलग-अलग जगह 14 टीकाकरण केंद्र बनाए गए थे। इसके अलावा 15 मोबाइल वैन टीम बनाई गई हैं। टीकाकरण केंद्रों पर जहां लोगों ने स्वयं पहुंचकर वैक्सीन लगवाई। वहीं मोबाइल वैन टीम ने घर-घर जाकर लोगों को वैक्सीन लगाई। शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की परियोजना प्रबंधक रंजना भटनागर ने बताया कि रविवार को खोले गए टीकाकरण केंद्रों पर बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर वैक्सीन लगवाई, जबकि मोबाइल टीम ने दूर-दराज वाले छोटे-छोटे इलाकों और मोहल्लों में जाकर लोगों को वैक्सीन लगाई। बताया कि इन दो दिनों में करीब छह हजार लोगों को वैक्सीन लगाई गई है।
104 साल के बुजुर्ग को लगाई वैक्सीन
रुड़की। स्वास्थ्य विभाग ने कलियर क्षेत्र के गुम्मावाला माजरी गांव में 104 साल के बुजुर्ग झंडू सिंह को कोरोना वैक्सीन लगाई है। बुजुर्ग ने वैक्सीन लगवाकर उन लोगों के लिए नजीर पेश की है, जो युवा होकर वैक्सीन लगवाने से हाथ पीछे खींच रहे हैं। वैक्सीन लगाने आई टीम में शामिल डॉ. रचना सैनी ने बताया कि बुजुर्ग ने वैक्सीन लगाकर मिशाल पेश की है।