लक्सर रेलवे स्टेशन पर फ्लैग मार्च निकालते आरपीएफ व जीआरपी।
- फोटो : ROORKEE
अग्निपथ के विरोध को लेकर पुलिस और पीएसी के जवानों ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला। इस फ्लैग मार्च के जरिए प्रदर्शन करने वालों को कड़ी कार्रवाई का संदेश भी दिया गया। वहीं, पुलिस ने रुड़की और ढंडेरा स्टेशन पर फ्लैग मार्च कर यात्रियों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
सोमवार सुबह सीओ रुड़की विवेक कुमार के नेतृत्व में गंगनहर, सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस और पीएसी के जवानों ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च एसडीएम चौक से शुरू हुआ। इसके बाद सिविल लाइंस बाजार, नगर निगम पुल, मेन बाजार, रामपुर चुंगी, रामनगर चौक, मालवीय चौक, गणेशपुर पुल, मिलिट्री चौक से होते हुए वापस एसडीएम चौक पर आकर संपन्न हुआ। इस दौरान सीओ विवेक कुमार ने अग्निपथ योजना को लेकर युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वह किसी तरह का विरोध न करें। किसी ने प्रदर्शन किया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी ने योजना के विरोध में सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद फ्लैग मार्च रुड़की रेलवे स्टेशन पर पहुंचा। वहां पर पुलिस ने यात्रियों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। साथ ही कहा कि अगर कोई रेलवे की संपत्ति को नुकसान पहुंचाता है तो इसकी जानकारी पुलिस को दें। इसके बाद ढंडेरा रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों ने स्टेशन मास्टर और कर्मचारियों से वार्ता की। साथ ही किसी प्रकार की घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने के निर्देश दिए। इस दौरान कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह चौहान, ऐश्वर्य पाल आदि मौजूद रहे।
युवाओं पर रखी जा रही पैनी नजर
अग्निपथ को लेकर खुफिया विभाग भी युवाओं पर नजर रख रहा है। साथ ही ऐसे व्हाट्सएप ग्रुपों पर नजर रखी जा रही है जिन पर शक है कि वह योजना का विरोध कर सकते हैं। वहीं, युवा योजना के विरोध में कोई योजना तो नहीं बना रहे हैं, इसे लेकर खुफिया विभाग कोचिंग सेंटरों संचालकों से जानकारी ले रहा है।