संत रविदास घाट पर पूजा करने वाले पुजारी पर हरियाणा के युवकों ने हमला कर दिया। शोर मचाने पर हमलावर कार लेकर फरार हो गए। आरोप है कि युवक प्रतिमा के पास बैठकर शराब पी रहे थे। पुलिस कार नंबर के आधार पर युवकों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित नगर निगम कार्यालय के सामने संत रविदास घाट है। घाट की समिति भी बनाई गई है। संत रविदास घाट समिति के अध्यक्ष भरत कुमार हैं। वह रोजाना शाम को प्रतिमा की पूजा करने आते हैं। रोजाना की तरह वह शनिवार शाम प्रतिमा की पूजा करने आए थे। इस बीच हरियाणा की एक कार घाट के पास सड़क किनारे आकर रुकी। कार में से कुछ युवक उतरे और प्रतिमा के पास बैठकर शराब पीने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर युवकों ने भरत कुमार के साथ गाली गलौज करते हुए हमला बोल दिया। शोर मचाने पर आसपास के लोगों को आता देख युवक कार लेकर मौके से फरार हो गए। इस बीच कुछ लोगों ने कार की नंबर प्लेट का फोटो खींच लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। लोगों ने पुलिस को कार नंबर उपलब्ध कराया। भरत कुमार की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि कार नंबर के आधार पर युवकों की पहचान की जा रही है। मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बड़ी संख्या में जुटी भीड़
पुजारी भरत कुमार पर हमला करने की सूचना मिलते ही समिति और अन्य लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने कार सवारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया और घर भेजा।