रुड़की। लेनदेन के विवाद में एक युवक के ताऊ के दो बेटों ने उसकी कनपटी पर पिस्टल तान दी। आरोप है कि दोनों ने सरेराह उसके साथ मारपीट की। शोर मचाने पर दोनों धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मंगलौर क्षेत्र के मानक चौक निवासी विनीत पाल ने सिविल लाइंस कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका ताऊ के साथ लेनदेन को लेकर पुराना विवाद चला आ रहा है। दो दिन पूर्व वह मोहनपुरा स्थित अपने ताऊ के घर रुपये लेने आया था। आरोप है कि रुपये मांगने पर ताऊ के दो बेटों ने गालीगलौज कर दी। विरोध करने पर ताऊ के बेटे संजय पाल ने डंडे से मारपीट कर दी। इस बीच दूसरा बेटा सत्यम पाल भी आ गया और उसने पिस्टल निकालकर कनपटी पर तान दी। आरोप है कि दोनों ने पिस्टल का डर दिखाकर मारपीट की। शोर मचाने पर आसपास के लोगों को आते देख दोनों धमकी देकर फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी अमरचंद शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर संजय पाल और सत्यम पाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज जांच शुरू कर दी है।