त्योहारी सीजन में पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों ने आम जनता को परेशान कर दिया है। आलम यह है कि रुड़की में भी पेट्रोल 100 के पार पहुंच गया है और डीजल पर शतक लगाने के करीब है।
बढ़ती महंगाई ने आम आदमी को खर्चों में कटौती के लिए मजबूर कर दिया है। पिछले कुछ दिनों से लोगों की अहम जरूरत पेट्रोल-डीजल के दामों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। शुक्रवार को 33 पैसे की बढ़ोतरी के बाद रुड़की में पेट्रोल का दाम 100 के पार पहुंच गया और 100.29 रुपये प्रति लीटर मिला। वहीं, 35 पैसे की बढ़त के बाद डीजल का दाम 93.88 रुपये पहुंच गया। इसी तरह दाम बढ़ते रहे तो जल्द ही डीजल भी 100 रुपये लीटर तक पहुंच जाएगा। तेल की कीमतें बढ़ने से आम आदमी अब परेशान होने लगा है। लोगों को चिंता सता रही है कि इसी तरह तेल महंगा होता रहा तो वाहन चलाने के लिए सोचना पड़ सकता है। दूसरी ओर, डीजल के दामों के बढ़ने से किसानों के लिए बुवाई और सिंचाई करना महंगा हो गया है। लगातार बढ़ती महंगाई के चलते आम लोगों के साथ किसानों में भारी रोष है।
बिना टमाटर-प्याज, हर सब्जी बेस्वाद
त्योहारी सीजन शुरू होने और पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से सब्जियों के दाम भी आसमान छूने लगे हैं। फुटकर में टमाटर 70 से 80 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है तो प्याज भी 50 रुपये किलो के साथ रुलाने लगा है। बिना टमाटर और प्याज के हर सब्जी बेस्वाद है। ऐसे में गृहणियों को सबसे ज्यादा चिंता सता रही है।
त्योहारी सीजन के साथ महंगाई भी सुरसा की तरह मुंह बाए खड़ी हो गई है। फलों के साथ सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। अन्य सब्जियों के साथ ही टमाटर के दाम भी पिछले 10 दिनों में 40 से बढ़कर 80 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं। मंडी के थोक कारोबारियों का कहना है कि इस बार अधिक बारिश के चलते बाजार में नई फसल नहीं आ पा रही है। एक महीने पहले टमाटर 30 से 40 रुपये किलो बिक रहा था, जो अब 80 रुपये तक पहुंच गया है। इसी तरह, प्याज भी लोगों को रुलाने लगा है। करीब 15 दिन पहले तक प्याज 20 से 30 रुपये किलो तक मिल रहा था। वर्तमान में प्याज के दाम 50 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं।