कलियर जम्मू कश्मीर के सरपंचो के दल ने दरगाह साबिर पाक में चादर पेश की
- फोटो : ROORKEE
जम्मू कश्मीर के पंचायत प्रतिनिधियों ने दरगाह साबिर पाक में जियारत कर देश में अमन और चैन की दुआ की। पंचायत प्रतिनिधिमंडल पंचायत में होने वाले विकास कार्यों को जानने के लिए हरिद्वार और टिहरी पहुंचा हुआ है।
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाने के बाद वहां पर पहली बार ग्राम पंचायत चुनाव हुए हैं। चुनाव होने के बाद जम्मू-कश्मीर के सरपंचों का एक प्रतिनिधिमंडल ग्राम पंचायतों में कराए जाने वाले विकास कार्यों के गुर सीखने के लिए शैक्षिक भ्रमण पर टिहरी और हरिद्वार पहुंचे हुए हैं। बुधवार को प्रतिनिधिमंडल ने कलियर दरगाह साबिर पाक में पहुंचकर चादर और फूल पेश किए। दल के नोडल अधिकारी ऊधमसिंह नगर के डीपीआरओ विद्या सिंह सोमनाल ने बताया कि दल में 35 प्रतिनिधि शामिल हैं। इसमें जम्मू कश्मीर के वीडीओ मदन मोहन शर्मा, अब्दुल रशीद और मीडिया अधिकारी ऐजाज अहमद खान शामिल हैं। डीपीआरओ रमेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि पंचायतों के विकास कार्यों के बारे में और अन्य गतिविधियों को जानने के लिए जम्मू कश्मीर के ग्रामीण विकास विभाग और पंचायत राज मंत्रालय ने 35 सरपंचों के प्रतिनिधिमंडल को उत्तराखंड के भ्रमण पर भेजा है। इस मौके पर दल में कर्ण श्रेययाल, समरीन खान, मोहम्मद मोअज्जम, ओमप्रकाश, मौलाना मोहम्मद अली, तारिक अहमद, लतीफ अहमद खान, जुबैर अहमद, फारूक अहमद, अजय पंडित, रविंद्र रैना, अरशद अली, विजय रैना, उमेश तलाशी आदि शामिल रहे।