रुड़की। सिविल अस्पताल में संविदा पर तैनात एक नर्स ड्यूटी के दौरान संदिग्ध हालात में लापता हो गई। नर्स का अस्पताल परिसर में ही मोबाइल पड़ा मिला। परिजनों की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। इससे परिजनों और अस्पताल प्रबंधन में खलबली मच गई।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहनपुरा निवासी सीमा रुड़की सिविल अस्पताल में संविदा पर नर्स है, जबकि उनके पति मुकेश भी संविदा पर वार्ड ब्वाय हैं। सोमवार की रात नर्स की अस्पताल में ड्यूटी थी। इस बीच नर्स संदिग्ध हालात में लापता हो गई। सुबह होने पर अन्य सहयोगियों ने नर्स को गायब देखकर तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। इसकी जानकारी अस्पताल प्रबंधन को दी गई। नर्स के मोबाइल पर कॉल की तो मोबाइल अस्पताल परिसर में ही पड़ा मिला। इसके बाद मामले की सूचना परिजनों और पुलिस को दी गई। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर सभी सीसीटीवी कैमरे खंगाले, लेकिन नर्स के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। उधर, पुलिस नर्स के मोबाइल की भी जांच कर रही है। वहीं, नर्स के पति की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। गंगनहर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर नर्स की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।