रुड़की। मंदिर में कीर्तन के समय तेज आवाज में डीजे बजाने के विरोध पर दबंगों ने पुजारी से मारपीट कर दी। इतना ही नहीं, बीच बचाव कराने आए भाई, मां और भतीजे को भी मारपीट कर घायल कर दिया। पुजारी की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित टोडा कल्याणपुर निवासी कुनाल गिरि गांव के ही शिव मंदिर में पुजारी हैं। सोमवार की रात मंदिर में भजन-कीर्तन चल रहा था। आरोप है कि इस बीच मंदिर के पास ही कुछ लोगों ने तेज आवाज में डीजे पर गाने बजाने शुरू कर दिए। इससे कीर्तन में खलल डली तो पुजारी ने डीजे बजाने का विरोध किया। आरोप है कि इस पर कुछ लोगों ने गाली गलौज कर दी। उस समय गांव के कुछ लोगों ने विवाद का निपटारा कर दिया। आरोप है कि पुजारी मंदिर से घर पहुंचे तो करीब साढ़े 11 बजे डीजे बजाने वाले उनके घर में घुस आए और गाली गलौज कर मारपीट कर दी। बीच बचाव कराने आए पुजारी के भाई सुरेश गिरि, मां कमलेश गिरि और भतीजे आकाश के साथ भी मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया गया। मंगलवार की सुबह पीड़ित पुजारी ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी अमर चंद शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।