ड्यूटी खत्म होने के बाद बाइक से घर जा रहे जीजा-साले को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से एक की गंभीर हालत देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पुलिस ने दोनों के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
देहरादून के नरेंद्र नगर के गांव सरवाड़ निवासी धर्मपाल गोवर्द्धनपुर रोड स्थित एक कंपनी में काम करते हैं। खानपुर थाना क्षेत्र के भारूवाला गांव निवासी सचिन शर्मा भी इसी कंपनी में काम करते है। धर्मपाल सचिन का साला लगता है। सचिन लक्सर में ही किराए पर कमरा लेकर रहता है। शनिवार को ड्यूटी खत्म होने के बाद दोनों एक बाइक से घर जा रहे थे। इस बीच सचिन धर्मपाल को उसके कमरे पर छोड़ने जा रहे थे। जैसे ही वह शेखपुरी गांव के पास पहुंचे तो पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर जा गिरे। हादसा होते देख मौके पर राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने धर्मपाल की गंभीर हालत देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। वहीं सचिन की हालत गंभीर है। कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि दोनों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।