कोचिंग से घर लौट रहीं तीन नाबालिग छात्राओं से एक युवक ने छेड़खानी कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर उसने एक छात्रा के अपहरण की भी कोशिश की। शोर मचाने पर लोगों ने युवक को पकड़ लिया और मारपीट कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़खानी, अपहरण और एससी-एसटी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
बुधवार देर शाम को कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी तीन नाबालिग छात्राएं कोचिंग सेंटर से घर लौट रही थीं। इस दौरान एक युवक ने तीनों का पीछा करना शुरू कर दिया। जैसे ही तीनों सुनसान रास्ते पर पहुंचीं तो युवक ने छेड़खानी कर दी। आरोप है कि एक छात्रा को जबरदस्ती बाइक पर बैठाकर अपहरण करने की भी कोशिश की। दो अन्य छात्राओं ने विरोध किया तो जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़ लिया। वहीं, छात्राओं ने फोन पर घटना की सूचना परिजनों को दी।
परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपी की जमकर धुनाई कर दी। इस बीच युवक पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और टकराव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को शांत कराया। साथ ही तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात की गई। रात में ही परिजनों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। कोतवाली प्रभारी अमरचंद शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्रदीप निवासी मोहम्मदपुर जट्ट के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही उसे को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।