रुड़की। जमुनानगर से बिहार के लिए एक नाबालिग अकेला ही साइकिल लेकर निकल गया। रुड़की में लावारिस हालत में लोगों ने उसे घूमता देखा तो सूचना पुलिस को दी। पुलिस नाबालिग को कोतवाली ले आई। इसके बाद पुलिस उसके परिजनों से संपर्क कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार की सुबह एक नाबालिग साइकिल लेकर रोडवेज बस स्टैंड के पास घूम रहा था। वह लोगों से बिहार जाने का रास्ता पूछ रहा था। इसपर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अपने साथ कोतवाली ले आई। यहां उसने पूछताछ में अपना नाम व पता आजाद (14) पुत्र फूल हसन निवासी गांव मोहम्मदपुर, थाना रौसल जिला समस्तीपुर (बिहार) बताया। बताया कि वह लॉकडाउन से पूर्व अपने चाचा के साथ जमुनानगर (हरियाणा) एक होटल पर काम करने के लिए आया था। लॉकडाउन लगने पर चाचा उसे अकेला छोड़कर चला गया। तभी से वह होटल में रहकर गुजर बसर कर रहा था। लॉकडाउन हटने पर वह होटल पर ही काम करने लगा। जब उसके पास साइकिल खरीदने के पैसे हो गए तो उसने साइकिल खरीद ली। दो दिन पूर्व वह साइकिल से ही अकेला भूखा, प्यासा बिहार अपने घर के लिए निकल पड़ा। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि बच्चे के परिजनों से संपर्क करने के लिए समस्तीपुर पुलिस से संपर्क किया गया है। जल्द ही बच्चे के परिजनों को पता लगा लिया जाएगा। फिलहाल बच्चे को एक संस्था के सुपुर्द कर दिया है।