नारसन बार्डर पर चेकिंग के दौरान पकड़ी गई नगदी की गिनती करती पुलिस व निगरानी टीम।
- फोटो : ROORKEE
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस ने नारसन बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान तीन कारों से अवैध शराब और एक कार से लाखों रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। साथ ही उनसे शराब और नकदी के बारे में पूछताछ कर रही है।
विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस अधिकारियों ने सभी सीमाओं पर वाहनों की सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए हैं। चुनाव के दौरान बाहरी राज्यों से मादक पदार्थों और अवैध नकदी की रोकथाम के लिए सीमा पर पुलिस लगातार वाहनों की चेकिंग कर रही है। शुक्रवार शाम पुलिस नारसन बॉर्डर पर वाहनों की तलाशी कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने हरियाणा और दिल्ली की ओर से आ रही चार कारों को रोककर तलाशी ली। तीन कारों से शराब की 26 बोतलें और 44 बोतल बियर मिली। जबकि, एक कार से दो लाख 39 हजार रुपये की नकदी मिली। पुलिस कार में सवार एक महिला समेत पांच लोगों को कोतवाली ले आई।
कोतवाली प्रभारी अमरचंद शर्मा ने बताया कि एक कार से मंजीत निवासी लुकसरी, थाना बादली झज्जर हरियाणा, काला उर्फ दीवान निवासी बहादुरपुर झज्जर हरियाणा को हिरासत में लिया है। दूसरी कार से साक्षी निवासी सत्यवती भारत नगर दिल्ली और तीसरी कार में सवार वैभव निवासी पश्चिम विहार नई दिल्ली को गिरफ्तार किया गया। चारों का चालान कर कोतवाली से ही जमानत दे दी गई। वहीं, चौथी कार से मुजफ्फरनगर के युवक के पास से दो लाख 39 हजार की नकदी बरामद हुई। उससे रुपयों से संबंधित कागजात मांगे गए हैं।