प्रदेश में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद जिला प्रशासन की ओर से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसमें अब युवा मतदाताओं को पंचायतों के गठन के लिए भागीदार करने का अंतिम मौका दिया गया है।
करीब एक साल से पंचायतों के चुनाव नहीं कराए गए हैं। जबकि अब 28 मार्च को पंचायतों में तैनात प्रशासकों का कार्यकाल भी समाप्त होने जा रहा है। ऐसे में पंचायत चुनाव को लेकर कभी भी रणभेरी बज सकती है। माना जा रहा है कि अप्रैल में पंचायत चुनाव कराए जा सकते हैं। इसको देखते हुए पंचायतों में फिर से राजनीतिक सरगर्मियां भी शुरू हो गई हैं। शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी विनय शंकर पांडेय ने पंचायत चुनाव को लेकर मतदाता सूची में एक जनवरी 2022 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को नाम दर्ज करने अवसर दे दिया है।
उन्होंने कहा है कि 18 वर्ष पूरी करने वाले युवा अपना नाम संबंधित ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए विकास खंड के सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या उप जिलाधिकारी को निर्धारित प्रारूप पर अपना आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने समस्त खंड विकास अधिकारियों को नए युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने के साथ ही ग्राम पंचायत भवनों के सूचना पट्टों पर आदेश चस्पा करने के निर्देश दिए हैं।