मंगलौर। बर्थडे पार्टी में गए बैंक अधिकारी के घर धावा बोलकर चोरों ने करीब दो लाखों रुपये की नगदी सहित लाखों का सामान चोरी कर लिया। पीड़ित ने घर में फर्नीचर का कार्य करने वाले ठेकेदारों और मजदूरों पर चोरी का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने दो ठेकेदारों को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के मौर्य पैलेस हिमालयनपुरम निवासी नीटू सिंह भारतीय स्टेट बैंक की सिविल लाइंस शाखा में अधिकारी हैं। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे वह घर में ताला लगाकर एक रिश्तेदार की बर्थडे पार्टी में गए थे। करीब दस बजे वह घर लौटे तो मेन गेट का ताला लगा हुआ था जबकि बैठक का लॉक तोड़कर चोरों ने घर में रखी अलमारी से करीब आठ लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और दो लाखों रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया था। उन्होंने बताया कि घर में वह फर्नीचर और स्टील रेलिंग का कार्य करवा रहे हैं। लकड़ी का कार्य अरविंद कुमार और स्टील रेलिंग का कार्य शमशाद से करा रहे हैं। उन्होंने शक जाहिर किया है कि ठेकेदारों और मजदूरों ने ही उनके चोरी की है। पुलिस ने दोनों को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रशिक्षु सीओ ओसिन जोशी ने बताया कि नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।