पुलिस के लाइसेंसी हथियार जमा कराने के निर्देश के बावजूद लोग अपने लाइसेंसी हथियार जमा नहीं करने पहुंच रहे हैं। ऐेसे में पुलिस ने लाइसेंसी हथियारधारकों को फोन पर उनके हथियार जब्त करने की चेेतावनी दी। चेतावनी के बाद लोगों ने कोतवाली में लाइसेंसी हथियार जमा करवाने शुरू कर दिए हैं।
चुनाव आचार संहिता के चलते लाइसेंसी हथियारों को पुलिस कोतवाली में और पंजीकृत दुकानों में जमा करवाने के लिए निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के बाद एक-दो लोग ही लाइसेंसी हथियार जमा करने पहुंचे। ऐसे में अधिकारियों पर लाइसेंसी हथियार जमा करने का लगातार दबाव बनता जा रहा है। अब पुलिस ने हथियारधारकों को फोन कर चेतावनी देनी शुरू कर दी है। चेतावनी दी जा रही है कि यदि दो दिन में लाइसेंसधारकों ने अपने हथियार जमा नहीं करवाए तो उनके घर जाकर हथियार जब्त किए जाएंगे। साथ ही हथियार जमा नहीं करवाने वालों पर भी केस दर्ज किया जाएगा। अब पुुलिस की चेतावनी का लोगों पर असर दिखने लगा है। मंगलवार को हथियार जमा करवाने वालों का जमावड़ा लगा रहा। कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि पुलिस ने हथियार जमा करवाने के लिए दो दिन का वक्त दिया है। हथियार को जमा नहीं करवाते हैं तो घर जाकर उनके हथियारों को जब्त किया जाएगा और उनके खिलाफ मामला भी दर्ज किया जाएगा।