रुड़की। एक प्रेमी युगल ने हाथ पकड़कर नीले पुल से गंगनहर में छलांग लगा दी। आसपास के लोगों ने दोनों को छलांग लगाते देख शोर मचा दिया। शोर सुनकर मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई ओर गोताखोरों से दोनों की तलाश कराई, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। वहीं, दोनों के परिजनों में कोहराम मच गया। घटनास्थल से युवक की बाइक बरामद हुई है।
जानकारी के अनुसार, गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित अलग-अलग गांव निवासी युवक और युवती का पिछले काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि युवती के परिजनों को इसकी भनक लग गई। उन्होंने युवती के बाहर निकलने की पाबंदी लगा दी। बताया जा रहा है कि शनिवार को किसी तरह युवती घर से निकलकर प्रेमी से मिलने रुड़की पहुंची। यहां दोनों बाइक से नीले पुल पर पहुंचे। कुछ देर खड़े होने के बाद हाथ पकड़कर गंगनहर में छलांग लगा दी। दोनों के छलांग लगाते देख मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाकर दोनों की तलाश कराई। काफी तलाश करने के बाद भी दोनों का पता नहीं लग पाया। पुलिस ने दोनों के परिजनों को जानकारी दी तो कोहराम मच गया। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मौके से युवक की बाइक बरामद हुई है। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। गंगनहर में दोनों की तलाश कराई जा रही है।