रुड़की। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से अलग-अलग महीने में लिए गए दूध, घी, सूजी और सिंघाडे के आटे के सैंपल जांच में फेल हो गए हैं। विभाग ने संबंधित दुकानदारों को अपना पक्ष रखने के लिए एक महीने का समय दिया है। दुकानदार चाहे तो अपने सैंपलों की दोबारा जांच करवा सकत हैं। निर्धारित समय में जवाब नहीं देने पर दुकानदारों पर केस दर्ज कराया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पिछले साल नवरात्र के दौरान भगवानपुर में एक डेयरी से दूध और एक दुकान से सिंघाड़े का सैंपल लिया था। वहीं मार्च में मोहनपुरा स्थित एक दुकान से सूजी और एक डेयरी से खुले दूध का सैंपल लिया था। इन चारों सैंपलों को विभाग ने रुद्रपुर स्थित लैब में जांच के लिए भेजा था, जहां जांच में ये चारों सैंपल फेल पाए गए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि लैब में चारों सैंपल की जांच कराई गई थी। जांच में सैंपल फेल आए हैं। इसके चलते संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया है। दुकानदारों को एक माह के अंदर अपना पक्ष रखने का समय दिया गया है। इस दौरान वह चाहे तो दोबारा सैंपल की जांच करा सकते हैं। यदि वे जांच नहीं कराते हैं तो एक माह बाद उनके खिलाफ एडीएम कोर्ट में मुकदमा दायर कर दिया जाएगा। वहीं त्योहारी सीजन को देखते हुए विभाग ने खाद्य वस्तुओं पर निगरानी बढ़ा दी है।