सुल्तानपुर क्षेत्र के भोगपुर गांव के पास सड़क पर मृत पड़े गुलदार को देखते ग्रामीण।
- फोटो : ROORKEE
सड़क किनारे एक मादा गुलदार के मृत मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। वन विभाग की टीम ने गुलदार का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आशंका जताई जा रही है कि सड़क पार करते समय किसी वाहन की टक्कर से गुलदार की मौत हुई होगी।
शुक्रवार रात करीब 10 बजे भोगपुर गांव निवासी कुछ ग्रामीण शाहपुर की ओर से अपने गांव जा रहे थे। जैसे ही वे भोगपुर गांव के पास पहुंचे तो सड़क पर गुलदार पड़ा नजर आया। काफी देर तक ग्रामीण दहशत के चलते कुछ दूर ही खड़े रहे। फिर कुछ लोग हिम्मत जुटाकर गुलदार के पास पहुंचे तो वह लहूलुहान हालत में पड़ा था। ग्रामीणों ने सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जानकारी ली। वन क्षेत्राधिकारी लक्सर गौरव अग्रवाल ने बताया कि मृत अवस्था में मिली गुलदार मादा है और उसकी उम्र करीब तीन वर्ष है। गुलदार का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ पता चलेगा। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पार करते समय गुलदार को किसी वाहन ने टक्कर मारी होगी।