लक्सर/खानपुर। परिचित के घर से पत्नी संग वापस लौट रहे एक फैक्टरी अधिकारी के साथ चार युवकों ने तमंचे के बल पर मारपीट कर मोबाइल लूट लिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उत्तरप्रदेश के मुरादाबाद के मनोज कुमार लक्सर की एक टायर फैक्टरी के इंजीनियरिंग विभाग में अधिकारी हैं। वह लक्सर खानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित एक कॉलोनी में रहते हैं। शनिवार की शाम मनोज अपनी पत्नी अंजू के साथ दाबकी तिराहे के पास स्थित विष्णु विहार कॉलोनी में परिचित के घर गए थे। शाम को दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इस बीच रास्ते में चार युवकों ने उन्हें तमंचा दिखाकर रोक लिया और मारपीट कर दी। बीच बचाव करने पर उनकी पत्नी से भी मारपीट कर दी गई। शोर मचाने पर लोगों को आता देख युवक उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। साथ ही बताया कि उनके घर के पास ही उनकी फैक्टरी में काम करने वाले कर्मचारी का मकान है। दो माह पहले फैक्टरी प्रबंधन ने कर्मचारी का ड्यूटी कार्ड ब्लॉक कर दिया था। कर्मचारी को शक था कि उन्होंने ही ड्यूटी कार्ड ब्लॉक कराया है। कोतवाली प्रभारी प्रदीप चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर ओमवीर निवासी कर्णपुर और शुभम निवासी खानपुर और दो अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।