रुड़की। पुलिस ने पत्नी की हत्या के प्रयास में आरोपी पति को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त उस्तरा भी बरामद किया है।
गंगनहर कोतवाली पुलिस को नौशाद निवासी गढमीरपुर, लक्सर ने तहरीर देकर बताया था कि उसकी ममेरी बहन गुलशन की शादी सलीम निवासी मोहल्ला टपरी, देवबंद के साथ हुई थी। विवाद के चलते उसकी बहन करीब चार माह से रुड़की के रामपुर में किराये पर कमरा लेकर रह रही थी। आरोप है कि तभी से उसका पति सलीम रंजिश रखता आ रहा था। शनिवार को सलीम रामपुर पहुंचा और गुलशन पर उस्तरे से जान से मारने की नीयत से कई वार किए। घायल को लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सलीम के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। रविवार को सूचना मिली कि वह रामपुर चुंगी के पास खड़ा है और भागने की फिराक में है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि सलीम 2006 में हत्या के केस में देवबंद से जेल गया था। करीब चार माह पूर्व ही वह जेल से जमानत पर छूटकर आया था। सलीम को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। इस दौरान पुलिस टीम में एसआई लक्ष्मण सिंह कुंवर और संदीप शामिल रहे।