रेलवे ओवरब्रिज के नीचे वेंडिंग जोन बनाने को लेकर तहसील प्रशासन का बुलडोजर आखिर चल ही गया। अतिक्रमण हटाने गई टीम को नोकझोंक का सामना भी करना पड़ा लेकिन भारी पुलिस फोर्स होने के कारण मामला शांत रहा।
लक्सर रेलवे ओवरब्रिज के नीचे तहसील प्रशासन की वेंडिंग जोन बनाए जाने की योजना है। योजना को लेकर एसडीएम गोपाल सिंह बिनवाल ने इसका डिजाइन भी तैयार करवा लिया है। डिजाइन के अनुसार रेलवे ओवरब्रिज के नीचे पहले अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसके बाद वेंडिंग जोन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाने के लिए तीन दिन पहले अल्टीमेटम दिया गया था। इसके बावजूद किसी ने अतिक्रमण नहीं हटाया। अतिक्रमण हटवाने वालों में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार रमेश चंद नौटियाल के अलावा पुलिस प्रशासन मौजूद था।
चंद मिनटों बाद फिर लगीं ठेलियां
एसडीएम द्वारा रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से अतिक्रमण हटाए जाने का असर कुछ ही समय तक दिखाई दिया। उनके जाने के बाद फिर से बाजार सज गया। इसके कारण जाम की स्थिति देर शाम तक बनी रही।