मंदिर में पूजा करने जा रहे एक बुजुर्ग को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इससे बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित गांव ढंडेरी ख्वाजीगपुर निवासी अतर सिंह (80) सोमवार की देर शाम मंदिर जा रहे थे। जैसे ही वह हरिद्वार बाईपास के पास पहुंचे तो तेज गति से आ रहे बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह हाईवे पर दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। वहीं, कुछ देर बाद बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही परिजन व पुलिस मौके पर आ गए। पुलिस ने राहगीरों से बाइक सवार के बारे में जानकारी ली, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। कोतवाली प्रभारी अमर चंद शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बाइक सवार की पहचान की जा रही है। जल्द ही उसकी पहचान कर ली जाएगी।