दरगाह साबिर पाक में जियारत करने आए जायरीनों के साथ ई-रिक्शा चालक ने गालीगलौज कर दी। विरोध करने पर चालक ने अपने साथियों के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी, जिसमें जायरीन घायल हो गए। जायरीनों ने एक बाइक सवार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। साथ ही पुलिस को तहरीर दी है।
सोमवार को मुजफ्फरनगर के सुभाष नगर से टेंपो में सवार होकर कई जायरीन कलियर आए थे। वह दरगाह साबिर पाक में जियारत कर दरगाह इमाम साहब जा रहे थे। इस दौरान ओवरटेक करते समय ई-रिक्शा चालक से उनकी कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद ई-रिक्शा चालक ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया और उनके साथ जमकर मारपीट कर दी। मारपीट देख भीड़ जमा हो गई। भीड़ ने विरोध किया तो ई-रिक्शा चालक और उसके साथी फरार हो गए। वहीं, जायरीनों ने मारपीट में शामिल एक बाइक सवार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। एसओ धर्मेंद्र राठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही ई-रिक्शा चालक और उसके साथियों की तलाश की जा रही है।