शहर में तीन बदमाशों ने चालक को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बेहोश कर दिया और रिक्शा लूटकर फरार हो गए। चालक बेहोशी की हालत में साउथ सिविल लाइंस से बरामद हुआ। रिक्शा मालिक सैन्यकर्मी की तहरीर पर सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस छानबीन में जुट गई है।
रनखंडी, देवबंद, सहारनपुर निवासी ओमप्रकाश सेना में हवलदार है। इन दिनों वह जोशीमठ में तैनात है और उनका परिवार रुड़की में रहता है। ओमप्रकाश ने ढंडेरा निवासी जमशेद को बैट्री रिक्शा डेलीवेज पर दी हुई थी। रिक्शा चालक जमशेद के मुताबिक उसे रोडवेज बस अड्डे के पास तीन युवक मिले और एआरटीओ दफ्तर तक जाने के लिए रिक्शा बुक किया।
साउथ सिविल लाइंस में पड़ा मिला चालक
रास्ते में तीनों युवक रिक्शा में बैठकर कोल्ड ड्रिंक पीने लगे और जमशेद को भी कोल्ड ड्रिंक दी। इसके बाद उसे कुछ होश नहीं रहा। जमशेद के घर न पहुंचने पर परिजन परेशान हो गए। खोजबीन में वह बेहोशी की हालत में साउथ सिविल लाइंस में पड़ा मिला। होश आने पर जमशेद ने रिक्शा मालिक को फोन पर आपबीती बताई।
शनिवार को ओमप्रकाश अपने साथ जमशेद को लेकर कोतवाली सिविल लाइंस पहुंचे और घटना की तहरीर दी। पुलिस रोडवेज बस अड्डे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। कोतवाली प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह भदौरिया ने बताया कि चालक से पूछताछ करते हुए मामले की जांच की जा रही है।